पिथौरा में गुमास्ता पंजीयन हेतु शिविर 10 अप्रैल को
पिथौरा नगर के छोटे-बड़े व्यापारियों को गुमास्ता पंजीयन में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए 10 अप्रैल 2026 को नगर पंचायत परिसर पिथौरा में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह पहल वार्ड क्रमांक 11 पिथौरा निवासी मनमीत सिंह छाबड़ा द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में प्रस्तुत आवेदन के आधार पर की गई है। उन्होंने अपने आवेदन में नगर के व्यापारियों को गुमास्ता बनवाने में हो रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया था। आवेदन पर संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की गई और नगर पंचायत परिसर में शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी इसका लाभ उठा सकें।
अनुविभागीय अधिकारी (कृषि) सरायपाली विवेक पटेल ने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए नगर पंचायत को सभी वार्डों में मुनादी कराकर व्यापारियों को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने प्रतिष्ठान का गुमास्ता पंजीयन अवश्य कराएं, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी परेशानी से बचा जा सके।
शिविर में पंजीयन कराने के लिए व्यापारियों को आधार कार्ड, जीएसटी अथवा उद्यम रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, कंपनी का रजिस्ट्रेशन (यदि लागू हो), किरायानामा या पार्टनरशिप डीड तथा मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा।
अन्य सम्बंधित खबरें
अन्य खबरें