CG : DSP की बेटी व कंटेंट क्रिएटर को मिली अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धमकी, 5 गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को सोशल मीडिया पर गैंगरेप और अपहरण की धमकियां दी गईं. इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
इंस्टाग्राम ग्रुप में रची जा रही थी साजिश
मिली जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर एक तथाकथित “नशा मुक्ति” (डी-एडिक्शन) ग्रुप संचालित किया जा रहा था. लेकिन इस ग्रुप के भीतर जो गतिविधियां चल रही थीं, वह बेहद आपत्तिजनक और आपराधिक थीं. करीब दो महीने पहले इस ग्रुप की कुछ चैट्स लीक हुईं, जिनमें देखा गया कि कुछ युवक निवेदिता मंडावी की तस्वीरें शेयर कर उनके खिलाफ अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे.
इतना ही नहीं, चैट्स में उनके अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म जैसी गंभीर आपराधिक साजिशों की बातें भी सामने आईं. जब यह चैट्स निवेदिता तक पहुंचीं, तो उन्होंने तुरंत इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने इस पूरे मामले पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिससे यह घटना सार्वजनिक हुई.
परिवार और पुलिस की क्विक कार्रवाई
बताया जा रहा है कि निवेदिता के पिता पुलिस विभाग में DSP के पद पर कार्यरत हैं. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. निवेदिता के भाई के अनुसार, केशकाल थाने में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई. जांच के दौरान पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले रायपुर में जीरो FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद केस को केशकाल ट्रांसफर किया गया. सभी आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. ये सभी युवक केशकाल, भानुप्रतापपुर और कोंडागांव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ देखा जा रहा है. बड़ी संख्या में यूजर्स निवेदिता के समर्थन में वीडियो और पोस्ट शेयर कर रहे हैं. कई लोगों ने लिखा कि निवेदिता मंडावी एक अवॉर्ड-विनिंग कंटेंट क्रिएटर हैं, जो अपने वीडियो के जरिए बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को देश-दुनिया के सामने गर्व के साथ पेश करती हैं. ऐसे में उनके साथ इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जिस ग्रुप को नशा मुक्ति जैसे सकारात्मक उद्देश्य के नाम पर चलाया जा रहा था, वहीं उसके भीतर इस तरह की घिनौनी साजिश रची जा रही थी, जो समाज के लिए बेहद खतरनाक संकेत है.
सख्त कार्रवाई की मांग
लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. यह मामला न सिर्फ साइबर क्राइम का है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा भी बन गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और उम्मीद की जा रही है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, समाज के विभिन्न वर्गों से भी यह मांग उठ रही है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर ऐसी आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए और कड़े कदम उठाए जाएं.