महासमुंद जिले के 807 श्रमिक हितग्राहियों को मिला 38.39 लाख रुपए की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत राज्य सहित जिले के पंजीकृत श्रमिकों को 28 मार्च को डी.बी.टी. के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस दौरान महासमुंद जिले के कुल 807 हितग्राहियों के बैंक खातों में सीधे कुल 38,39,331 रुपए की राशि अंतरित कर उन्हें लाभान्वित किया गया। श्रमिकों ने समय पर सहायता उपलब्ध होने पर राज्य शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
श्रम पदाधिकारी डी एन पात्र ने बताया कि जिले में मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 4 हितग्राहियों को 80,000 रुपए, नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना में 540 हितग्राहियों को 10,45,000 रुपए, सियान सहायता योजना में 30 हितग्राहियों को 6,00,000 रुपए तथा नोनी सशक्तिकरण योजना में 70 हितग्राहियों को 14,00,000 रुपए की राशि प्रदान की गई।
इसी तरह मुख्यमंत्री दीर्घायु श्रमिक सहायता योजना में 1 हितग्राही को 20,000 रुपए, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना में 16 हितग्राहियों को 24,000 रुपए, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना में 42 हितग्राहियों को 1,43,817 रुपए, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी सहायता योजना में 82 हितग्राहियों को 4,45,000 रुपए तथा मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना में 22 हितग्राहियों को 81,514 रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में अंतरित की गई। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक योजनाओं में पात्रतानुसार आवेदन कर लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए मुख्यमंत्री श्रमिक सहायता केन्द्र के दूरभाष क्रमांक 0771-3505050 पर संपर्क किया जा सकता है।