महासमुंद : जिला स्तरीय संयुक्त टीम द्वारा औद्योगिक केंद्रों का किया गया निरीक्षण
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश के परिपालन में जिला स्तरीय गठित संयुक्त टीम द्वारा मेसर्स पीकाडिली एग्रो इण्डस्ट्रीज लिमिटेड ग्राम बेलटुकरी महासमुन्द एवं बिरकोनी स्थित मेसर्स इनलैण्ड स्पेशिलियटी मेटल्स का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जिला बलौदाबाजार भाटापारा, दिशा शुक्ला सहायक संचालक, श्रम पदाधिकारी श्रम विभाग डी.एन. पात्र, विधिक मापविज्ञान विभाग,सिद्धार्थ दुबे निरीक्षक, खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश, सहायक खनिज अधिकारी देवेन्द्र साहू, श्रम उप निरीक्षक बेलारसन बघेल उपस्थित रहे।
पीकाडिली एग्रो इण्डस्ट्रीज लिमिटेड में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जिला-बलौदाबाजार-भाटापारा की जांच में उक्त संस्थान में सेफ्टी बेल्ट एवं सेफ्टी नेट का उपयोग करना नहीं पाया गया। जिस पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है।
विधिक मापविज्ञान विभाग की जांच में उक्त संस्थान में स्थापित तौल व मापन उपकरणों के विभिन्न मानकों की नियमानुसार जांच की जा रही है एवं संबंधित समस्त दस्तावेज संस्थान को प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया है। खजिन विभाग की जांच में उक्त संस्थान में कोई अनियमितता नहीं पाई गई। श्रम विभाग द्वारा संविदा श्रमिक अधिनियम, 1970, न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948, समान पारिश्रमिक अधिनियम 1976, वेतन भुगतान अधिनियम 1936, के अन्तर्गत जांच / निरीक्षण किया गया।
फैक्ट्री रोल एवं 04 ठेकेदार के नियोजन में कुल 110 कर्मचारी कार्यरत पाए गए। फैक्ट्री में उत्पादन प्रारंभ नहीं हुआ है। फैक्ट्री निर्माणाधीन है। निरीक्षण पर 35 कुशल कर्मचारी अन्य प्रदेशों के पाए गए, शेष 75 श्रमिक स्थानीय नियोजित पाए गए। जांच में ठेकेदारों द्वारा सूचना प्रदर्शन नही पाया गया। ओवर टाईम के संबंध में कोई जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई। ठेकेदारों द्वारा कार्यरत् कर्मचारियों को वेतन पर्ची प्रदाय नहीं की जा रही है। इस संबंध में प्रबंधन एवं ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। आंतरिक परिवाद समिति का गठन कराया जाना पाया गया।
इसी तरह इण्डस्ट्रियल एरिया बिरकोनी स्थित मेसर्स इनलैण्ड स्पेशिलियटी मेटल्स में भी टीम द्वारा जांच किया गया। फैक्ट्री निर्माणाधीन है। उत्पादन प्रारंभ नहीं हुआ है। नापतौल विभाग एवं खनिज विभाग की जांच में कोई अनियमितता नही पाई गई। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जिला-बलौदाबाजार भाटापारा की जांच में सुरक्षा उपकरण कर्मचारियों को उपलब्ध नहीं कराया जाना पाया गया। प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है। श्रम विभाग की जांच में संस्थान में सूचना बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया। कार्यरत् कर्मचारियों को सैलरी स्लिप प्रदाय किया जाना नहीं पाया गया। ओवर टाईम के संबंध में रिकार्ड प्रस्तुत करना नहीं पाया गया। प्रबंधन एवं ठेकेदार को नोटिस जारी किया जा रहा है।
अन्य सम्बंधित खबरें