महासमुंद : अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन पर कड़ी कार्रवाई, दो टीपर जब्त
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज अमला द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अछौली क्षेत्र के भ्रमण के दौरान खनिज टीम ने भोरिंग के पास फर्शी पत्थर से भरे दो टीपर वाहनों को रोककर जांच की।
जांच के दौरान टीपर मालिक शकुन साहू, निवासी बोरसी एवं टीपर क्रमांक मालिक सोनू अग्रवाल, निवासी महासमुंद के पास वैध अभिवहन पास नहीं पाया गया। इस पर दोनों वाहनों को जब्त कर तुमगांव पुलिस की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है। इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी देवेन्द्र कुमार साहू, सिपाही मनोज निर्मलकर, प्रशांत कालू एवं मनीष ढीढी उपस्थित रहे।
खनिज अधिकारी फगुलाल नागेश ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 8 करोड़ 70 लाख रुपये के राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध 17 करोड़ 87 लाख 42 हजार रुपये की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य से अधिक है।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार खनिजों का परिवहन ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) के माध्यम से अनिवार्य किया गया है। बिना ई-अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।