महासमुंद : कुएं से बोरे में बंद मिली लाश का खुलासा, इस वजह से बाप - बेटे ने की थी बड़े बेटे की हत्या, दोनों गिरफ्तार
महासमुंद। जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में जो खुलासा हुआ है, वह रिश्तों को झकझोर देने वाला है… क्योंकि यहां एक पिता और बेटे ने मिलकर अपने ही घर के सदस्य की हत्या कर दी। घटना के पीछे की वजह बनी घरेलू विवाद और शराब की लत… जिसने एक परिवार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। 9 अप्रैल को यशवंत चन्द्राकर के मुर्गी फार्म के पास जंगल से लगे एक कुएं में प्लास्टिक बोरी में भरा युवक का शव तैरता हुआ मिला था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
बता दें कि पुलिस ने शव की पहचान लाफिनखुर्द निवासी 27 वर्षीय सत्यानारायण ध्रुव के रूप में की। जांच में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था और अक्सर नशे में अपने परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। 6 मार्च को भी इसी तरह के विवाद के दौरान, जब सत्यानारायण अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा था, तब उसके छोटे भाई ने गुस्से में आकर पत्थर के सील से उस पर हमला कर दिया।
लगातार वार से सत्यानारायण की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पिता महेश ध्रुव और उसके छोटे बेटे ने मिलकर साक्ष्य छुपाने की साजिश रची। दोनों ने शव को बोरी में भरा, उसमें पत्थर बांधा और मोटरसाइकिल से ले जाकर कुएं में फेंक दिया। करीब एक महीने बाद जब शव पानी में तैरता मिला, तब इस पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी पिता महेश ध्रुव और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।