news-details

बसना : डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण नहीं होने से लोगों में आक्रोश, प्रशासन को दी चेतावनी

बसना नगर ने 3 वर्षों से बनकर तैयार डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण नहीं होने से लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है. प्रतिमा के अनावरण नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. जिसे लेकर अब प्रशासन को पत्र के माध्यम से चेतावनी भी दे दी गई है.

डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा बसना बाईपास के पास बनाई गई है, जिसके समीप सांसद रूपकुमारी चौधरी का निवास है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सांसद का रोजाना इस मार्ग से आना-जाना होता है और उनकी नजर भी इस प्रतिमा पर पड़ती है,  इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण विषय को नजरअंदाज किया जा रहा है.

नगरवासियों ने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. 14 अप्रैल, अंबेडकर जयंती नजदीक होने के कारण लोगों का आक्रोश और अधिक बढ़ गया है.

नागरिकों का कहना है कि यह केवल एक प्रतिमा का मामला नहीं, बल्कि समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा विषय है. यदि इस बार भी अनदेखी होती है, तो नगरवासी स्वयं आगे बढ़कर प्रतिमा का अनावरण करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर बसना में माहौल गरमाता नजर आ रहा है, और सभी की नजरें प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.


अन्य सम्बंधित खबरें