news-details

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा महासमुंद की प्रबंध समिति की बैठक संपन्न

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा महासमुंद की प्रबंध समिति की बैठक आज जिला पंचायत सभागृह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने की।
बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने निर्देश दिए कि बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी स्थिति में निजी संस्थानों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित नहीं किए जाएंगे। 

उन्होंने इस संबंध में सख्ती से निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य और राहत सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है।

बैठक में समिति सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव सभी सदस्यों को बैठक के एजेंडा की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पूर्व बैठक 14 जनवरी 2025 में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई तथा सदस्यता अभियान को मजबूत बनाने, वार्षिक बजट, आय-व्यय और ऑडिट से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में जूनियर रेडक्रॉस की गतिविधियों की समीक्षा के साथ वित्त समिति, जूनियर रेडक्रॉस उपसमिति, यूथ रेडक्रॉस उपसमिति, स्वास्थ्य समिति एवं आपदा प्रबंधन समिति के गठन पर भी विचार किया गया। रेडक्रॉस द्वारा संचालित जन औषधि केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा रेडक्रॉस भवन के मरम्मत कार्य, रेडक्रॉस चौक की स्थापना, उपसभापति की नियुक्ति और वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट के अनुमोदन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।

बैठक में प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष भूपेंद्र राठौर, संस्थापक सदस्य महेंद्र कुमार श्रीमाली एवं मनोज पिंचा सहित डॉ. विश्वनाथ पाणिग्रही, दाऊ लाल चंद्राकर, यशवंत कुमार चौधरी, अशोक गिरी गोस्वामी और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर बल दिया।


अन्य सम्बंधित खबरें