मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को दें... - CG Sandesh

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को देंगे 102.13 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल 8 सितम्बर को जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 102 करोड़ 13 लाख रूपये के 73 विकास कार्यों की सौगात देंगे। श्री बघेल यहां छत्तीसगढ़िया सर्व समाज द्वारा आयोजित समारोह में 76 करोड़ 8 लाख रूपये के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और लगभग 26 करोड रूपये की लागत के 35 निर्माण कार्यों के लिए भूमि-पूजन करेंगे। श्री बघेल दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री और चेक वितरण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के हाथों जिन कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, उनमें लोक निर्माण विभाग के 57 करोड़ 28 लाख रूपये के 11 कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 2 करोड़ 20 लाख रूपये के 24 कार्य और जल प्रबंध संभाग दो के 8 करोड़ 37 लाख रूपये के दो कार्य तथा डीएमएफ निधि से निर्मित 8 करोड़ 23 लाख रूपये के विकास कार्य शामिल हैं। भूमि-पूजन किये जाने वाले कार्यों में लोक निर्माण विभाग द्वारा 18 करोड़ 26 लाख रूपये के 16 काम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 7 करोड़ 45 लाख रूपये के 16 नल जल योजना के काम तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 34 लाख रूपये के तीन कार्य शामिल हैं। श्री बघेल समारोह में मछली पालन विभाग की ‘नीली क्रांति योजना’ के अंतर्गत 10 मछुआरों को मोटरसायकल और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 31 महिलाओं को 20 लाख रूपये का चेक और 10 को सुपोषण कीट वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री समारोह में सुपोषण छत्तीसगढ़ के अंतर्गत पोषण माह का शुंभारंभ भी करेंगे।


अन्य सम्बंधित खबरें