रायपुर से मुंबई एयर कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा, 1 मई से इंडिगो की नई फ्लाइट शुरू, यात्रियों को मिलेगी राहत
रायपुर, छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। 1 मई से इंडिगो एयरलाइंस इस रूट पर एक नई फ्लाइट शुरू करने जा रही है, जिससे रायपुर और मुंबई के बीच उड़ानों की संख्या बढ़कर चार हो जाएगी।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर समय विकल्प, बढ़ेगी सुविधा
नई फ्लाइट के शुरू होने से यात्रियों को समय के अधिक विकल्प मिलेंगे और यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी। ट्रैवल संचालकों के अनुसार, अब तक इस रूट पर तीन फ्लाइटें संचालित हो रही थीं, जिनमें सुबह, दोपहर और रात के समय उड़ानें शामिल थीं।
नई फ्लाइट का संचालन इस प्रकार रहेगा
मुंबई से दोपहर 12:30 बजे उड़ान भरकर 2:25 बजे रायपुर पहुंचेगी
इसके बाद 2:55 बजे रायपुर से रवाना होकर 4:35 बजे मुंबई पहुंचेगीइस अतिरिक्त सेवा से व्यस्त रूट पर यात्रियों का दबाव कम होगा और कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जयपुर रूट की फ्लाइट फिलहाल बंद, बुकिंग रोकी गई
इसी बीच इंडिगो ने रायपुर से हैदराबाद होते हुए जयपुर जाने वाली फ्लाइट को फिलहाल बंद कर दिया है। हालांकि हैदराबाद से जयपुर के लिए उड़ानें जारी हैं और वैकल्पिक रूट उपलब्ध हैं, लेकिन रायपुर से जयपुर के लिए टिकट बुकिंग अगली सूचना तक रोक दी गई है।जानकारी के अनुसार, यह निर्णय शेड्यूल से जुड़ी तकनीकी और संचालन संबंधी दिक्कतों के कारण लिया गया है। यह सेवा 23 मार्च को शुरू हुई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में इसे स्थगित करना पड़ा।
रायपुर एयरपोर्ट पर ईवी चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार
इसी क्रम में रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए एक और आधुनिक सुविधा जोड़ी गई है। यहां इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया है।यह सुविधा अडाणी समूह द्वारा स्थापित की गई है और इसका उद्घाटन कार्यवाहक एयरपोर्ट डायरेक्टर के के लहरे ने किया। 60 किलोवाट क्षमता वाला यह चार्जर CCS Type-2 कनेक्टर से लैस है, जिससे ईवी वाहनों को तेजी से चार्ज किया जा सकेगा।इस पहल से एयरपोर्ट आने जाने वाले इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।