12 वी परीक्षा में फेल होने पर छात्र ने खुद को मारी गोली, पसरा मातम
मुरैना। मध्य प्रदेश राज्य के मुरैना जिले में स्थित अंबाह में बोर्ड परीक्षा में फेल होने के बाद एक छात्र ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। यह घटना माताबसैया थाना क्षेत्र के कोतवाल डैम के पास हुई। मृतक की पहचान अंबाह शिक्षा विभाग में कार्यरत बाबू शैलेंद्र दंडोतिया के बेटे ऋतिक दंडोतिया (20) के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में मातम पसर गया है।
सभी सबजेक्ट में फेल हुआ था छात्र
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ऋतिक ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा दी थी और वह सभी विषयों में फेल हो गया था। बताया जा रहा है कि इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। वह अपनी स्कूटी से कोतवाल डैम के किनारे पहुंचा और एक अवैध कट्टे से अपनी दाहिनी कनपटी पर गोली मार ली। घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ पाया गया।
रिजल्ट आने के बाद खुद को मारी गोली
डैम के पास शव पड़े होने की सूचना मिलने पर माताबसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुरैना भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ऋतिक मुरैना शहर के महावीरपुरा क्षेत्र का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।