पिथौरा : कलेक्टर ने करवाया बगैर मान्यता के संचालित निजी स्कूल को बंद, स्कूल संचालक कर रहा है एडमिशन हेतु डिजिटल प्रचार।
बिना मान्यता प्राप्त किये निजी स्कूल ए. के. स्मार्ट इंग्लिश मिडियम स्कूल बिजेमाल को संचालित करने का मामला महासमुन्द कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद स्कूल को बंद करने का आदेश किया गया। इस आदेश के बाद भी निजी स्कूल के संचालक ने अपने वाटशप स्टेट्स में डिजिटल प्रचार कर रहा है। बकायदा शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में स्कूल संचालित होने का दावा किया है, वही संकुल समन्वयक छुवारीपतेरा ने इस निजी स्कूल का निरीक्षण करके बंद पाये जाने पर पंचनामा तैयार कर दीवाल में आदेश को चस्पा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग के अधिकारियो की संरक्षण में बिजेमाल में बिना मान्यता के निजी स्कूल संचालित था। बिजेमाल के युवक विवेक साहू ने इसी स्कूल के तर्ज पर बिना मान्यता के स्कूल खोलने की मांग कलेक्टर सहित जिला शिक्षा अधिकारी महासमुन्द से किया था। जिससे शिक्षा विभाग पर भी सवाल उठे थे।
आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुुमार दास ने विजय कुमार लहरे पर अवैध रूप से संचालित इस निजी स्कूल को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए शिक्षा सचिव सिद्वार्थ कोमल परदेशी को साक्ष्य सहित शिकायत कर जांच की मांग किया है। सांकरा क्षेत्र के पालकगण इस निजी स्कूल संचालक के पोस्टर एवं डीईओ कार्यालय से जारी बंद संबंधित आदेश को लेकर भ्रम में है।
सोशल मिडिया में जमकर चर्चा हो रही है। सोशल मिडिया में पोस्ट किये गये पोस्टर में बकायदा एक पिता के तीन बच्चो पर सबसे छोटे बच्चे का शुल्क नही लगने, हास्टल की व्यवस्था एवं वाहन की सुविधा न्यूनतम शुल्क पर विशेष सुविधाएं देने का दावा किया है।
संकुल समन्वयक तुलाराम राणा ने बताया कि बीईओ पिथौरा ने जिला कार्यालय से मिले पत्र को तामिल कराने का आदेश दिया था, लेकिन इस निजी स्कूल में कोई भी व्यक्ति नही मिला, बल्कि बंद पाया गया है, इस वजह से हमने कुछ शिक्षको के साथ पंचनामा तैयार कर दीवाल में आदेश को चस्पा कर दिया है।