news-details

पिथौरा : तबादले के बाद भी जमे हुए पटवारी, एसडीओ का आदेश बेअसर

जमीन संबंधी मामलों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली पिथौरा तहसील एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गई है। इस बार मामला पटवारियों के हल्का परिवर्तन (तबादले) से जुड़ा है, जिसमें एसडीओ द्वारा जारी आदेश के लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी उसका पालन नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार, एसडीओ द्वारा पटवारियों के हल्का परिवर्तन का स्पष्ट आदेश जारी किया गया था, ताकि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था बनी रहे। लेकिन आदेश के बाद भी अधिकांश पटवारी अब तक अपने पुराने हल्कों में ही जमे हुए हैं। इससे न केवल प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि आम जनता को भी जमीन संबंधित मामलों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आदेश के बावजूद पटवारियों की कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है। इससे यह सवाल उठने लगा है कि आखिर प्रशासनिक आदेशों का पालन क्यों नहीं हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं।

सबसे अहम बात यह है कि एसडीओ स्तर से अब तक इस आदेश के पालन की कोई समीक्षा या कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे यह प्रतीत होता है कि या तो आदेश को गंभीरता से नहीं लिया गया, या फिर निगरानी में कमी बरती जा रही है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और कब तक आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाता है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


अन्य सम्बंधित खबरें