news-details

“द्रोणाचार्य वह मौन शक्ति हैं, जो पांडवों और कौरवों दोनों की किस्मत गढ़ते हैं”: सोनी सब के आने वाले शो हस्तिनापुर के वीर में उक्त किरदार निभाने पर बोले जितेन लालवानी

मुंबई, अप्रैल, 2026: सोनी सब दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के लिए तैयार है अपने नए पौराणिक शो हस्तिनापुर के वीर के साथ, जो महाभारत के सबसे प्रतिष्ठित पात्रों पांडवों और कौरवों के शुरुआती वर्षों की कहानी को सामने लाता है। यह शो शाश्वत मूल्यों और अनंत शिक्षाओं पर आधारित है और इन महानायकों के बनने की यात्रा को जीवंत करता है। 

कहानी को और मज़बूत बनाते हैं द्रोणाचार्य। इस अहम् किरदार के लिए अनुभवी अभिनेता जितेन लालवानी भूमिका निभा रहे हैं। एक ऐसे आदरणीय गुरु, जिनकी बुद्धि और मार्गदर्शन ने पांडवों और कौरवों की यात्रा को सजह व सुलभ बनाया।

जितेन अपने पौराणिक किरदारों, दमदार स्क्रीन प्रेज़ेंस और पात्रों में गहराई लाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। द्रोणाचार्य सिर्फ शिक्षक ही नहीं हैं, बल्कि बच्चों को प्रेरित करते हैं कि वे अपनी परिस्थितियों से ऊपर उठ सकते हैं। पांडवों के लिए वह उनके सोचने का तरीका गढ़ते हैं, उन्हें सिखाते हैं कि असली मूल्य कौशल, अनुशासन और एकाग्रता से आता है। 

वह प्रतिभा को तुरंत पहचान लेते हैं और उसे स्नेह से पोषित करते हैं, हर बच्चे को अपनी पूरी क्षमता तक पहुँचने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उनके मार्गदर्शन से बच्चों को दिशा, आत्मविश्वास और उद्देश्य मिलता है, जो उनके आगे की यात्रा को आकार देता है।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए, जितेन लालवानी ने कहा, “मुझे हमेशा से ही पौराणिक कहानियों से गहरा जुड़ाव रहा है और पहले भी कुछ का हिस्सा बनकर मैंने महसूस किया है कि ये पात्र कितने शक्तिशाली और कालातीत हैं। 

लेकिन, द्रोणाचार्य अलग हैं, वे एक मौन शक्ति हैं, जो पांडवों और कौरवों दोनों की किस्मत गढ़ते हैं। मुझे याद है कि वर्कशॉप्स के दौरान इसने मुझे मेरी अपनी यात्रा और उन गुरुओं के बारे में सोचने पर मजबूर किया, जिन्होंने मुझे मार्ग दिखाया। 

मुझे पौराणिक किरदार निभाने में सबसे अच्छा यही लगता है कि इनमें हमेशा कई परतें होती हैं। द्रोणाचार्य के साथ यह सिर्फ ताकत की बात नहीं है, बल्कि ज़िम्मेदारी, चुनाव और आंतरिक संघर्ष की भी है। यही इस कहानी और इस किरदार को मेरे लिए इतना खास बनाता है।”

हस्तिनापुर के वीर के साथ दर्शक महाभारत की एक नई और भावनात्मक प्रस्तुति देख पाएँगे, जहाँ कहानी युद्धों से आगे बढ़कर उन रिश्तों, मूल्यों और चुनावों को प्रदर्शित करती है, जिन्होंने इन महानायकों को गढ़ा।

सोनी सब पर जल्द आ रहा ‘हस्तिनापुर के वीर’– देखना न भूलें।


अन्य सम्बंधित खबरें