बसना : पति ने रचाई दूसरी शादी, महिला आयोग से शिकायत, कार्रवा... - CG Sandesh

बसना : पति ने रचाई दूसरी शादी, महिला आयोग से शिकायत, कार्रवाई का इंतज़ार

बसना थाना अंतर्गत ग्राम साहूडीपा के एक व्यक्ति ने बिना तलाक के दूसरी शादी रचा ली, जिसकी शिकायत महिला आयोग रायपुर से की गई है. उक्त व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी को बिना बताये, बिना तलाक दिए दुसरी शादी कर ली, और पहली पत्नी के विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया.

मिली जानकारी के अनुसार नीतू कुमारी का विवाह 19 फरवरी 2018 को साहूडीपा बसना निवासी वीरेंद्र पटेल के साथ हुआ था, जिसके बाद दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य चल रहा था और उनका एक डेढ़ वर्ष का पुत्र भी है.

दोनों विवाह के बाद रायपुर में निवासरत थे, इसी बीच वीरेंद्र पटेल ने अपने गाँव साहूडीपा आकर पहली पत्नी को बिना बताये, बिना तलाक लिए, दुसरी शादी कर ली.

इस बात की जानकारी जब नीतू कुमारी को हुई तो वह साहूडीपा पहुंचकर दूसरी शादी का विरोध करने लगी, जहाँ उसके पति वीरेंद्र पटेल ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया और धमकी देते हुए कहा कि दोबारा गाँव में कदम रखेगी, तो जान से मारकर फेंक देंगे.

नीतू कुमारी ने बताया कि गाँव के कुछ रसूखदार लोग इस मामले में सौदेबाजी करने की कोशिश कर रहे हैं और समाज के पदाधिकारी भी उसकी गुहार पर ध्यान नहीं दे रहे हैं. जिसके चलते उसे अब कानूनी कार्यवाही करने को मजबूर होना पड़ रहा है.

हिंदू विवाह अधिनियम के तहत पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करना एक दंडनीय अपराध है, इस कृत्य से नीतू कुमारी और बच्चे को भारी मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ रहा है.

नीतू कुमारी ने वीरेंद्र पटेल के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है ताकि उसे और उसके बच्चे को उनका हक और न्याय मिल सके.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें