news-details

महासमुंद : उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को, व्यापम ने परीक्षार्थियों के लिए जारी किए दिशा निर्देश

19 निर्धारित परीक्षा केंद्रों में कुल 4917 परीक्षार्थी होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार 26 अप्रैल 2026 को महासमुंद जिले में एक पाली में किया जाएगा।

परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से 12:15 बजे तक निर्धारित है। जिसमें जिले के 19 निर्धारित परीक्षा केंद्रों में कुल 4917 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए निर्देश

भीषण गर्मी को देखते हुए व्यापम द्वारा परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से रखा गया है। अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा।

परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र में उपस्थित हो जाएं, ताकि सत्यापन एवं सुरक्षा जांच की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा पैन कार्ड में से कोई एक मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना आवश्यक होगा, जिसके अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं है, तो परीक्षार्थी दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाकर आएं।

अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल होना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित रहेगा। पैरों में चप्पल पहनना अनिवार्य होगा तथा कानों में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा कक्ष में उत्तर लिखने के लिए केवल काले या नीले बॉल पेन का ही उपयोग किया जाएगा। किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, पाउच, बेल्ट, टोपी एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।

परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधे घंटे एवं समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में कक्ष से बाहर जाना निषिद्ध रहेगा। अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी।

धार्मिक अथवा सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले परीक्षार्थियों को सामान्य समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा तथा अतिरिक्त सुरक्षा जांच के उपरांत ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर सभी निर्देशों का पालन करें।


अन्य सम्बंधित खबरें