news-details

महासमुंद : “ज्ञानभारतम“ पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समीक्षा बैठक आयोजित

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित “ज्ञानभारतम” पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में 22 अप्रैल को मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में सर्वाधिक पांडुलिपि सर्वेक्षण महासमुन्द जिले में किया गया है। इस पर उन्होंने कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह से विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि व्यक्तिगत रूप से संरक्षित पांडुलिपियों का सर्वे और अधिक बढ़ाया जाए।

कलेक्टर लंगेह ने जिले में अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक जिले के छह प्रमुख स्थलों का सफलतापूर्वक सर्वेक्षण पूर्ण किया जा चुका है। साथ ही पूर्व में सर्वेक्षित कुल 832 पांडुलिपियों को “ज्ञानभारतम” ऐप पर अपलोड किया जा रहा है, जो जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कलेक्टर ने बताया कि अभियान के सुचारू संचालन हेतु जिला एवं अनुभाग स्तरीय समितियों का गठन किया जा चुका है। साथ ही सुपरवाइजर्स एवं सर्वेक्षकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है, जिससे सर्वेक्षण कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने बताया कि अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं वालंटियर्स को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों। जिले में इस कार्य हेतु 50 सर्वेक्षकों की नियुक्ति कर उन्हें प्रशिक्षित किया गया है।

बैठक में अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, नोडल अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक श्री रेखराज शर्मा, डॉ. करुणा दुबे प्राचार्य, महाविद्यालय महासमुंद, श्री प्रमोद कन्नौजे एडीपीओ एवं श्री सुबोध कुमार तिवारी एपीसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के घर, संस्था या पुस्तकालय में पांडुलिपियां उपलब्ध हों, तो उनकी जानकारी “ज्ञानभारतम” ऐप के माध्यम से अवश्य साझा करें।


अन्य सम्बंधित खबरें