महासमुंद : भाई ने की भाई की हत्या, फिर जला दी लाश, खुद पुलिस को कॉल कर दी सुचना
महासमुंद। जिले के बागबाहरा से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीन विवाद ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को गोदाम में ले जाकर आग लगा दी, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। हैरानी की बात यह है कि वारदात के कुछ घंटों बाद आरोपी ने खुद ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामला बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव का है। यहां रहने वाले दो सगे भाइयों कृष्णकांत दुबे और दौलत दुबे के बीच लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बड़ा भाई कृष्णकांत दुबे अपनी प्रेमिका मालती साहू के साथ गांव पहुंचा था और मां से अपने हिस्से की 12 एकड़ जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था।
कुछ देर बाद छोटा भाई दौलत दुबे भी घर पहुंचा। जमीन के बंटवारे की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची मां तीरथ दुबे के साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान गुस्से में छोटे भाई दौलत दुबे ने धारदार हथियार से बड़े भाई कृष्णकांत दुबे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के गोदाम में ले जाकर आग लगा दी, ताकि वारदात को छिपाया जा सके। लेकिन कुछ घंटों बाद आरोपी ने खुद ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही बागबाहरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने गोदाम में लगी आग बुझाकर जला हुआ शव बरामद किया, जिसकी पहचान कृष्णकांत दुबे के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी दौलत दुबे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक जमीन विवाद बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था और अक्सर झगड़े होते रहते थे।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। एक पारिवारिक विवाद ने जिस तरह खूनी रूप लिया, उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।