महासमुंद : निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्राप्त कर 18 यु... - CG Sandesh

महासमुंद : निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्राप्त कर 18 युवतियों ने शुरू किया स्वयं का रोजगार

ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान महासमुंद द्वारा जिले की 23 युवतियों को 16 मार्च 2026 तक 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होते ही युवतियों को कार्य के अवसर मिलने लगे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है।

प्रशिक्षण प्राप्त 23 युवतियों में से 18 युवतियों ने तत्परता दिखाते हुए स्वयं का ब्यूटी पार्लर कार्य प्रारंभ कर दिया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर एवं ब्राइडल मेकअप सहित विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान दिया गया। 

शादी के इस सीजन में प्रशिक्षित युवतियों को लगातार ऑर्डर प्राप्त हो रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है तथा वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर हैं। प्रशिक्षण प्राप्त हितग्राही प्रियंका साहू, रामहीन, पूजा, धनेश्वरी, गीता एवं मोनिशा ने बताया कि वे अपने-अपने ग्राम स्तर पर ब्यूटी पार्लर का संचालन कर रही हैं और उन्हें निरंतर कार्य मिल रहा है, जिससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। हितग्राहियों ने बताया कि संस्थान द्वारा प्रदान किया गया प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है तथा इसमें आवासीय सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

आरसेटी महासमुंद द्वारा जानकारी दी गई है कि वर्ष 2026 का द्वितीय बैच शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिसके लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इच्छुक युवतियां संपर्क कर अपना नामांकन सुनिश्चित कर सकती हैं। नामांकन के लिए कमलेश पटेल के मोबाइल नंबर 7999700673 एवं रितेश कुमार के मोबाइल नंबर 9691089327 पर संपर्क कर सकते हैं।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें