सांकरा : संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, चार माह... - CG Sandesh

सांकरा : संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, चार माह की थी गर्भवती

सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

मृतका की पहचान रजनी प्रधान (पति डिगेश प्रधान) के रूप में हुई है, जिसने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रजनी प्रधान की शादी करीब 1 वर्ष 4 माह पहले हुई थी और वह 4 माह की गर्भवती भी थी। घटना सोमवार की बताई जा रही है।

ससुराल पक्ष जहां इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मृतका के मायके वालों का आरोप है कि रजनी की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में उसे फांसी पर लटकाकर मामला आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

मृतका के पिता अशोक साहू ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि शादी के एक साल बाद भी ससुराल पक्ष द्वारा सामान की मांग जारी रही, जिसके चलते उन्होंने बड़ा कूलर और वॉशिंग मशीन भी दिया था। इसके बावजूद उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

समाज प्रमुखों ने समझाइश देकर भेजा था ससुराल

परिजनों के अनुसार रजनी कुछ समय पहले करीब 2 महीने तक अपने मायके में रह रही थी। जनवरी माह में समाज के प्रमुखों द्वारा समझाइश देकर उसे वापस ससुराल भेजा गया था। इसके बाद भी कथित रूप से प्रताड़ना जारी रही।

घटना के बाद मायके पक्ष द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कही जा रही है। मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें