छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी किए नतीजे, 12वीं में 83.04% और 10वीं... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी किए नतीजे, 12वीं में 83.04% और 10वीं में 77.15% छात्र सफल, बेटियों ने फिर लहराया परचम

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CGBSE) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और हायर सेकण्डरी मुख्य परीक्षा के परिणाम आज घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष भी परीक्षा परिणामों में बेटियों का दबदबा देखने को मिला है।

हायर सेकण्डरी 12वीं के नतीजे और आंकड़े

हायर सेकण्डरी परीक्षा में इस वर्ष कुल 83.04 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। पिछले वर्ष 2025 की तुलना में इस साल परिणाम में 1.17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसमें बालिकाओं का प्रतिशत 86.04 रहा, जबकि बालकों का प्रतिशत 78.86 दर्ज किया गया है। परीक्षा में कुल 1,27,334 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इस परीक्षा के लिए कुल 2,46,166 छात्र पंजीकृत थे।

हाईस्कूल 10वीं के नतीजे और आंकड़े

हाईस्कूल परीक्षा का कुल परिणाम 77.15 प्रतिशत रहा है। पिछले वर्ष 76.53 प्रतिशत के मुकाबले इस वर्ष रिजल्ट में 0.62 प्रतिशत की बढ़त हुई है। 10वीं में भी बालिकाओं ने बाजी मारी है, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 81.03 रहा, जबकि बालकों का प्रतिशत 72.27 दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या 1,40,108 है। इस वर्ष हाईस्कूल में कुल 3,21,677 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।

असफल छात्र न हों निराश मिलेगा अवसर

छत्तीसगढ़ बोर्ड की सचिव ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा है कि जो परीक्षार्थी असफल रह गए हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे छात्र मण्डल की द्वितीय मुख्य अथवा अवसर परीक्षा का लाभ उठाकर अपना साल बचा सकते हैं और परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

इन वेबसाइटों पर देखें अपना रिजल्ट

छात्र अपना परिणाम मण्डल की आधिकारिक वेबसाइटों cg.results.nic.in और results.cg.nic.in पर देख सकते हैं। इसके अलावा परिणाम डिजीलॉकर की वेबसाइट results.digilocker.gov.in पर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मण्डल की मुख्य परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सचिव ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें