CG 12वीं बोर्ड : बलौदाबाजार के जिज्ञासु वर्मा ने प्रदेश में किया टॉप, महासमुंद से शहनाज परवीन ने जिले में किया टॉप
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आज जारी 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के जिज्ञासु वर्मा ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। जिज्ञासु वर्मा ने 500 में से कुल 493 अंक प्राप्त किए हैं, जो कि 98.60 प्रतिशत है।
दूसरे और तीसरे स्थान पर बेमेतरा और रायगढ़ का कब्जा
बेमेतरा जिले की ओमनी ने 98.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वे स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल बेमेतरा की छात्रा हैं और उन्होंने कुल 491 अंक प्राप्त किए हैं।
वहीं, तीसरे स्थान पर रायगढ़ जिले के कृष महंत रहे हैं। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छाल के छात्र कृष ने 97.80 प्रतिशत (489 अंक) हासिल कर जिला और स्कूल का नाम रोशन किया है।
चौथे और पांचवें स्थान पर संयुक्त कब्जामेरिट सूची में चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से तीन छात्र शामिल हैं, जिन्होंने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इनमें दुर्ग जिले से रिया साहू, महासमुंद जिले से शहनाज परवीन और गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले से ताहिरा खान शामिल हैं।
पांचवें स्थान पर भी संयुक्त रूप से चार छात्र रहे हैं, जिन्होंने 97.40 प्रतिशत अंक पाए हैं। इनमें धमतरी जिले की कुसुमलता बिप्रे, रायपुर जिले की हेमलता साहू, गौरेला पेंड्रा मरवाही के ओमकार कैवर्त और जशपुर जिले की आशा यादव शामिल हैं।
महासमुंद और अन्य जिलों का प्रदर्शन
महासमुंद जिले से टॉप 10 सूची में अन्य छात्रों ने भी अपनी जगह बनाई है। गीतिका प्रधान ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ सातवां स्थान और पूर्वी देवांगन व दिव्या अग्रवाल ने 96.60 प्रतिशत अंकों के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया है।
जशपुर जिले से करीना सिंह ने 97.20 प्रतिशत के साथ छठवां और आर्या पैंकरा ने 96.80 प्रतिशत के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया है। गरियाबंद जिले से महक सचदेव ने सातवां स्थान हासिल किया है।