news-details

महासमुंद : 3 साल के मासूम बच्चे की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया जमकर हंगामा

महासमुंद। जिला मेडिकल कॉलेज से एक दर्दनाक और विवादित मामला सामने आया है, जहां 3 साल के मासूम बच्चे की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं, हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा निवासी सतवन बांधे अपने 3 वर्षीय बेटे लक्ष्य बांधे को जांघ में दर्द की शिकायत के बाद जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की खून जांच और एक्स-रे कराने की सलाह दी थी। शुरुआती इलाज के बाद बच्चे को भर्ती किया गया, लेकिन आरोप है कि रातभर बच्चा दर्द से तड़पता रहा और उसे उचित इलाज नहीं मिला।

परिजनों का कहना है कि अस्पताल स्टाफ का रवैया लापरवाह और गैर-जिम्मेदाराना था, जिसकी वजह से मासूम की जान चली गई। बच्चे की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों व स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, जिला अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के आरोपों को नकारते हुए अलग ही वजह बताई है।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी के मुताबिक, बच्चे की स्थिति पहले से गंभीर थी और उसके शरीर में संक्रमण काफी बढ़ चुका था। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे का “लीगोंसेट” स्तर 300 से अधिक था, जो गंभीर संक्रमण की ओर इशारा करता है और संभवतः इसी कारण उसकी मौत हुई। फिलहाल इस मामले में परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि अस्पताल प्रबंधन खुद को निर्दोष बता रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या जांच करता है और सच्चाई क्या सामने आती है।


अन्य सम्बंधित खबरें