महासमुंद : 10वीं में जिले के दो छात्राओं ने प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान
कक्षा 12वीं की परीक्षा में के.जी. कॉन्वेंट हायर सेकेण्डरी स्कूल सरायपाली की छात्रा कु. शहनाज परवीन ने 97.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार के.पी.आई. हायर सेकेण्डरी स्कूल चट्टीगिरोला, सरायपाली की छात्रा कु. गीतिका प्रधान ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सातवां स्थान हासिल किया।
वहीं सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल बागबाहरा की छात्रा कु. पौर्वी देवांगन एवं एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा की छात्रा कु. दिव्या अग्रवाल ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से नौवां स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह हाईस्कूल परीक्षा में जिले की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में अपना वर्चस्व स्थापित किया। एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा की छात्रा कु. संध्या नायक एवं एकलव्य इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल बलोदा की छात्रा कु. परीरानी प्रधान ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा की छात्रा कु. रानू सिद्धीमयी साहू एवं कु. रेणुका प्रधान ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा की छात्रा कु. चाहत चौधरी ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सातवां स्थान, कु. तिषा साहू ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आठवां स्थान तथा कु. भारती चंद्रा एवं कु. लता चौधरी ने 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दसवां स्थान हासिल किया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं हेतु जिले से कुल 12 हजार 851 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 12 हजार 663 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। परीक्षा परिणाम में 3 हजार 906 छात्र एवं 6 हजार 97 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। कक्षा 10वीं में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 73.64 तथा बालिकाओं का 83.49 प्रतिशत दर्ज किया गया। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 79.35 प्रतिशत रहा।
इसी तरह कक्षा 12वीं में जिले से कुल 10 हजार 664 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें 10 हजार 579 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। परीक्षा में 3 हजार 332 छात्र एवं 5 हजार 205 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं। हायर सेकेण्डरी परीक्षा में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 76.31 तथा बालिकाओं का 84.12 प्रतिशत रहा। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 80.89 प्रतिशत दर्ज किया गया।