बसना : विद्यार्थी जीवन की शिक्षा ही तय करती है जीवन की दिशा और दशा- ब्रह्माकुमारी प्रीति
साई विहार कॉलोनी में 8 दिवसीय दिव्य समर कैंप शुरू, बच्चों को नैतिकता, योग और संस्कारों का दिया जा रहा प्रशिक्षण
बसना नगर के साई विहार कॉलोनी में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा बच्चों के लिए आठ दिवसीय दिव्य समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक संचालित इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए नैतिक मूल्यों पर आधारित गतिविधियां, ज्ञानवर्धक सत्र, योग-ध्यान, खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
समर कैंप का शुभारंभ मारवाड़ी समाज की महिला अध्यक्ष माला अग्रवाल, सचिव प्रेमा अग्रवाल, डॉ. अरुणा अग्रवाल, अंजना अग्रवाल एवं ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर माला अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं बल्कि संस्कार, शालीनता और सकारात्मक सोच की भी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि ग्रीष्मावकाश में कई शिविर आयोजित होते हैं, लेकिन यह शिविर अपने उद्देश्य और आध्यात्मिक वातावरण के कारण विशेष है। यहां बच्चे व्यवहार, अनुशासन और जीवन जीने की सही कला सीख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज छोटी-छोटी बातों में बच्चे तनाव और निराशा का शिकार हो जाते हैं। ऐसे समय में राजयोग मेडिटेशन बच्चों की मानसिक एकाग्रता बढ़ाने और तनाव से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वहीं ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में दी जाने वाली शिक्षा ही आगे चलकर जीवन की दिशा और दशा तय करती है। इसलिए बच्चों को स्कूली पढ़ाई के साथ नैतिकता और आध्यात्मिकता की शिक्षा देना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से इस 8 दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिविर में मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास से जुड़ी गतिविधियों को शामिल किया गया है। बच्चों की सोच सकारात्मक बने, मन एकाग्र हो और शरीर स्वस्थ एवं ऊर्जावान रहे, इसके लिए योग, ध्यान, ज्ञानवर्धक कहानियां और रचनात्मक प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं।