बसना : सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 472 आवेदन पहुंच... - CG Sandesh

बसना : सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 472 आवेदन पहुंचे, 58 का मौके पर निराकरण

सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है- पीयूष सिंह ठाकुर

आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा 1 मई से 15 जून तक चलाए जा रहे सुशासन तिहार के तहत बसना विकासखंड के दूरस्थ ग्राम लंबर में पहला पंचायत स्तरीय समाधान शिविर आयोजित किया गया। तेज धूप के बावजूद 20 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं व मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। 

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति देवकी दिवान उपस्थित रहीं। उनके साथ जनपद पंचायत अध्यक्ष डिलेश्वरी निराला, जनपद सदस्य मधु खुंटे, ग्राम पंचायत लंबर के सरपंच मदन चौरसिया, डेविड चौधरी, सोहन पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

लंबर, रोहिना, लोहरीनडीपा, माधोपाली, कुसमुर, करनापाली, सुखापाली, बिरसिंगपाली, दुर्गापाली, मेढ़ापाली, दुलारपाली, कोटेनदरहा, खोगसा, सागरपाली, संतपाली, उमरिया, बिछिया, भंवरचुवा, बरतियाभांठा और बिजराभांठा पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन, आवास और राजस्व संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। शिविर में कुल 472 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 460 मांग और 12 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। 

इनमें से 58 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष 414 आवेदनों को संबंधित विभागों को समयसीमा में निराकरण के लिए भेजा गया। जिला पंचायत सभापति देवकी दिवान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान केंद्रित योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सचिन भूतड़ा ने कहा कि सुशासन तिहार प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम बन रहा है। 

उन्होंने अधिकारियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। वहीं जनपद पंचायत सीईओ पीयूष सिह ठाकुर ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। 

उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का समयसीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के अभिनंदन पत्र, बैंक ऋण चेक और सुपोषण टोकरी वितरित की गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में एसडीएम हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को नशा मुक्ति अभियान की शपथ दिलाई गई तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें