news-details

महासमुंद : विकसित कृषि संकल्प यात्रा का शुभारंभ, 20 मई तक चलेगा रथ

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने किसान रथ को दिखाई हरी झंडी

जिले में किसानों को आधुनिक खेती के प्रति जागरूक करने विकसित कृषि संकल्प यात्रा का शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने किसान रथ को हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया। 

इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जनपद अध्यक्ष महासमुंद दिशा दीवान, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद अध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, जिला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान मौजूद थे। इसी तरह अन्य विकासखण्डों में जनप्रतिनिधियों द्वारा किसान रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुसार जिले में विकसित कृषि संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती की नवीन तकनीकों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से किसान जैविक खेती, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों एवं वैज्ञानिक पद्धतियों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने तथा आय में वृद्धि के तरीकों को समझ सकेंगे।

उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचे और उनकी आर्थिक स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आए। विधायक सिन्हा ने जिले के किसानों एवं ग्रामीण जनों से अपील की कि वे 20 मई तक आयोजित इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल चक्र परिवर्तन तथा मिलेट्स की खेती के लाभों की जानकारी प्राप्त करें।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प यात्रा के अंतर्गत किसान रथ गांव-गांव जाकर तथा सुशासन तिहार शिविरों में किसानों को कृषि योजनाओं, उन्नत तकनीकों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देंगे। 

उन्होंने कहा कि शिविरों में सफल किसानों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे, ताकि अन्य किसान उनसे प्रेरणा लेकर उन्नत एवं लाभकारी खेती को अपनाने के लिए प्रोत्साहित हो सकें। इस अवसर पर संदीप घोष, हरंबश सिंह ढिल्लो, पार्षद राहुल आवड़े, रमेश साहू, श्याम साकरकर, शरद मराठा, जनप्रतिनिधिगण तथा कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

उप संचालक एफ. आर. कश्यप ने बताया कि जिले में विकसित कृषि संकल्प यात्रा का आयोजन 05 मई से 20 मई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान किसान प्रचार रथों के माध्यम से खरीफ सीजन की तैयारी, आधुनिक खेती तकनीकों का उपयोग, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, दलहन-तिलहन एवं मक्का उत्पादन में वृद्धि पर किसानों को जागरूक किया जाएगा।

अभियान के दौरान किसानों को जैविक खाद, उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा विभिन्न कृषि योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, एग्रीटेक पंजीयन और फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कृषि विभाग के विशेषज्ञों द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर संतुलित खाद उपयोग एवं मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपायों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।


अन्य सम्बंधित खबरें