news-details

CG : वेदांता का बाल्को मेडिकल सेंटर प्रख्यात सर्जन के नेतृत्व में करेगा निःशुल्क कीहोल सर्जिकल कैंप का आयोजन

वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन- बाल्को मेडिकल सेंटर (बीएमसी), नया रायपुर, छत्तीसगढ़ में स्थित 170 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक गैर-लाभकारी अस्पताल, अपने परिसर में 5 से 7 जून, 2026 तक एक निःशुल्क मेगा लैप्रोस्कोपिक (कीहोल) सर्जिकल कैंप का आयोजन करने जा रहा है।

इस कैंप का नेतृत्व डॉ. मुफ्फज़ल लकड़ावाला करेंगे, जो सर एच. एन. रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में जनरल और मिनिमल एक्सेस सर्जरी विभाग के निदेशक हैं और डाइजेस्टिव हेल्थ इंस्टीट्यूट के संस्थापक भी हैं। लैप्रोस्कोपिक, बैरियाट्रिक और पाचन तंत्र से जुड़ी सर्जरी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर प्रसिद्ध डॉ. लकड़ावाला 50,000 से अधिक सर्जरी कर चुके हैं, जिनमें विशेष रूप से लैप्रोस्कोपिक और बैरियाट्रिक प्रक्रियाओं पर उनका फोकस रहा है। वे सर्जन्स, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स और क्लिनिकल विशेषज्ञों की अपनी टीम के साथ, बीएमसी टीम के सहयोग से, छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों तक उन्नत सर्जिकल सेवाएँ पहुँचाएँगे।

तीन दिनों के दौरान चयनित मरीजों पर कई प्रकार की लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की जाएँगी, जिनमें पित्ताशय (गॉलब्लैडर) की सर्जरी, अपेंडिक्स सर्जरी, हिस्टेरेक्टॉमी, बैरियाट्रिक सर्जरी, फंडोप्लिकेशन और विभिन्न प्रकार के हर्निया रिपेयर शामिल हैं। ये सभी प्रक्रियाएँ छोटे-छोटे चीरों (कीहोल) के माध्यम से विशेष उपकरणों और कैमरे की मदद से की जाती हैं, जिससे मरीजों को तेजी से रिकवरी और अस्पताल में कम समय तक रुकने की सुलभता तो मिलती ही है, साथ ही जटिलताओं का जोखिम भी कम होता है।

मरीजों का चयन उनकी क्लिनिकल उपयुक्तता और पात्रता मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। इस कैंप के तहत परामर्श, सर्जरी, अस्पताल में देखभाल और फॉलो-अप पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। सभी संबंधित खर्च वेदांता ग्रुप द्वारा वहन किए जाएँगे।

डॉ. भावना सिरोही, मेडिकल डायरेक्टर, वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन, ने कहा, “हम इस कैंप के आयोजन को लेकर बहुत उत्साहित हैं और छत्तीसगढ़ के लोगों की सेवा के लिए पूरजोर तैयारी कर रहे हैं।“

उन्होंने आगे कहा, “हर्निया और पित्ताशय जैसी सर्जरी आम होती हैं, लेकिन कई मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है या वे इसका खर्च वहन नहीं कर पाते। ऐसे में, वे इन समस्याओं के साथ ही जीवन जीते रहते हैं, जिससे उनकी रोज़मर्रा की जिंदगी की गुणवत्ता प्रभावित होती है।“

उन्होंने आगे कहा, “इस कैंप के माध्यम से हम इन चुनौतियों का केंद्रित तरीके से समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। मैं डॉ. मुफ्फज़ल लकड़ावाला और उनकी टीम की आभारी हूँ, जिन्होंने अपना समय और विशेषज्ञता दी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को सभी तक पहुँचाने के इस साझा विज़न को आगे बढ़ाया। ऐसे प्रयास आधुनिक चिकित्सा की बेहतरीन सुविधाओं को उन लोगों तक पहुँचाते हैं, जिन्हें इसकी सबसे अधिक जरूरत होती है।“

डॉ. दिवाकर पांडे, हेड ऑफ सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, बीएमसी, ने कहा, “हम छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में उन मरीजों तक पहुँच स्थापित कर रहे हैं, जो अक्सर पहुँच और व्यवस्थागत चुनौतियों के कारण सर्जरी नहीं करवा पाते हैं। हमारी टीमें ऐसे मरीजों की पहचान कर उन्हें परामर्श दे रही हैं और पूरी प्रक्रिया में उनका सहयोग कर रही हैं। बीएमसी में हमारे पास इन सर्जरी को शुरू से अंत तक संभालने के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर और अनुभवी क्लिनिकल टीमें मौजूद हैं। इस कैंप का नेतृत्व कर रही विशेषज्ञ सर्जिकल टीमों के साथ, मरीजों को सुरक्षित इलाज के साथ-साथ उसी संस्थान में उचित पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल और फॉलो-अप की सुविधा भी मिलेगी।”

यह पहल वेदांता समूह की व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँचा का विस्तार करना और समुदाय की बड़ी जरूरतों को पूरा करना है।

राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञता को छत्तीसगढ़ तक लाकर, यह अस्पताल उन्नत चिकित्सा सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और लोगों के घर के करीब बनाने के अपने प्रयासों को लगातार मजबूत कर रहा है।

कैंप में अधिकतम 100 सर्जरीज़ की व्यवस्था की गई है, ताकि उचित जाँच और सुरक्षित उपचार सुनिश्चित किया जा सके। मरीजों को पहले से पंजीकरण कराना होगा और चयन से पहले उनकी क्लिनिकल जाँच की जाएगी। सर्जरी के बाद की देखभाल और फॉलो-अप बीएमसी की क्लिनिकल टीम द्वारा किया जाएगा।

पंजीकरण और जानकारी के लिए मरीज 8282823333 या 8282824444 पर कॉल कर सकते हैं या बाल्को मेडिकल सेंटर, सेक्टर 36, उपरवारा, नया रायपुर, छत्तीसगढ़ में सीधे जाकर संपर्क कर सकते हैं।


अन्य सम्बंधित खबरें