CG : मकान में मिला बम बनाने का सामान, मचा हड़कंप
रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके से गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-13 स्थित एक मकान में देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध रॉ मटेरियल, तार और अन्य सामान मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और साइबर टीम को भी बुलाया गया। पुलिस टीम ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर से मिले सामान को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। वहीं पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है कि आखिर यह सामग्री यहां कैसे पहुंची और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
एसीपी पूर्णिमा लाने ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है और विशेषज्ञ टीम द्वारा जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास निगरानी बढ़ा दी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।