98% अंकों के साथ कोमल ने मेरिट लिस्ट में बनाई जगह, पैतृक गां... - CG Sandesh

98% अंकों के साथ कोमल ने मेरिट लिस्ट में बनाई जगह, पैतृक गांव बस्ती सरायपाली में हुआ भव्य स्वागत, समाज ने किया सम्मानित

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में सरायपाली के ग्रामीण अंचल से एक ऐसी प्रतिभा निकलकर सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश में क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। ग्राम बस्ती सरायपाली के होनहार छात्र कोमल कुमार पटेल ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में सातवां स्थान हासिल किया है।

गांव में उत्सव का माहौल, फूल-मालाओं से हुआ स्वागत

कोमल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव बस्ती में जश्न का माहौल छा गया। ग्रामीणों और परिजनों ने कोमल का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर अधरिया समाज के अध्यक्ष,पदाधिकारी एवं समस्त सदस्यों ने कोमल को 'श्रीफल' और 'शाल' भेंट कर सम्मानित किया। समाज के वरिष्ठों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि कोमल ने न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे समाज और जिले का मान बढ़ाया है।

सफलता का श्रेय दादाजी माता पिता और गुरुजनों को

अपनी इस शानदार सफलता पर कोमल कुमार पटेल ने विनम्रता के साथ इसका श्रेय अपने दादाजी भोगीलाल पटेल,अमृत पटेल अपने माता-पिता सुनील सिलता पटेलऔर गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है। कोमल ने बताया कि नियमित पढ़ाई और शिक्षकों के सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाने में मदद की।

प्रेरणास्रोत बनी कोमल की उपलब्धि

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण परिवेश की सीमित सुविधाओं के बीच रहकर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाना गर्व की बात है। यह उपलब्धि आगामी पीढ़ी के छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इस दौरान कीर्तन मंडली के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने कोमल को मिठाई खिलाकर और आशीर्वाद देकर उनके उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की।

ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जगह बनाना किसी गौरव से कम नहीं है। कोमल की सफलता ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
अध्यक्ष, अधरिया समाज


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें