महासमुंद : समोदा बैराज तट बचाव कार्य के लिए 4.95 करोड़ रुपये स्वीकृत
महासमुंद विधानसभा अंतर्गत स्थित समोदा बैराज में तट बचाव कार्य के लिए 4.95 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप और वित्तमंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया है।
विधायक सिन्हा ने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा महासमुंद में महानदी स्थित समोदा बैराज के अपस्ट्रीम में दाँयी तट में निर्मित महामाया मंदिर एवं तट के बचाव कार्य हेतु 4 करोड़ 95 लाख 47 हजार रुपये स्वीकृत की गई है।
इस सिंचाई योजना के तहत समोदा बैराज के अपस्ट्रीम में दाँयी तट में कटाव रोकने हेतु तटबंध का निर्माण किया जायेगा। योजना के निर्माण कार्यों को कराने मुख्य अभियंता महानदी योजना, जल संसाधन विभाग रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
इस कार्य से बैराज में होने वाले कटाव की समस्या दूर होगी। समोदा बैराज महासमुंद के साथ नदी के दूसरे तरफ स्थित रायपुर जिले के कई गांवों के लिए काफी लाभदायक है। सिरपुर क्षेत्र के कई गांव के लिए समोदा बैराज से जलापूर्ति की योजना पर कार्य चल रहा है। इससे क्षेत्र के किसानों को भी फायदा मिलेगा।
वहीं कुछ समय पहले ही महानदी पर बनने वाले मोहमेला-सिरपुर बैराज परियोजना पर राज्य परियोजना मंडल की मंजूरी मिली है। इस परियोजना से रायपुर के आरंग क्षेत्र से होकर सिरपुर तक भू-जल संवर्धन, पेयजल और किसानों को निस्तारी के साथ लिफ्ट ईरीगेशन की सुविधा भी मिल पाएगी। इससे महासमुंद के सिरपुर क्षेत्र के गांव भी लाभान्वित होंगे।