news-details

CG : ADM कार्यालय का बाबू 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, जुर्माना कम करने के नाम पर मांग रहा था घूस

बिलासपुर। जिला मुख्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) कार्यालय के एक बाबू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप से जुड़ा है, जो वहां होटल का संचालन करते हैं; अगस्त 2025 में उनके होटल की जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने 'पेड़ा' खुली स्थिति में मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया था। यह मामला ADM एवं न्याय निर्णयन अधिकारी के कार्यालय में लंबित था, जहाँ पदस्थ सहायक ग्रेड-3 बाबू विजय पांडेय ने प्रार्थी को डराया कि उस पर 1 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। बाबू ने इस जुर्माने की राशि को घटाकर 30 हजार रुपये करवाने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

 

प्रार्थी देवेंद्र कश्यप रिश्वत देने के बजाय आरोपी को पकड़वाना चाहते थे, जिसकी शिकायत उन्होंने एसीबी कार्यालय में की। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने पहली किश्त के रूप में 5000 रुपये पहले ही ले लिए थे। आज दिनांक 10.05.26 को जैसे ही आरोपी विजय पांडेय ने शेष 15 हजार रुपये की दूसरी किश्त लेने के लिए प्रार्थी को कार्यालय बुलाया, एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर उसे रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिलती रही थीं, जिसके चलते अब उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने इस सफल ट्रैप के बाद आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी लोकसेवक रिश्वत की मांग करे, तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें।


अन्य सम्बंधित खबरें