news-details

महासमुंद : ग्राम अछोला में समाधान शिविर का हुआ आयोजन

प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत महासमुंद जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने 10 जून तक समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महासमंुद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत अछोला में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। 

शिविर में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, जिला पंचायत सदस्य सृष्टि चंद्राकर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह मौजूद थे।

विधायक सिन्हा ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों से संवाद किया व समस्याओं को सुना एवं अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं सरलता के साथ पहुंचे।

इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याण के कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ही लोगों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना है।

विधायक सिन्हा ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें तथा अपनी समस्याओं, मांगों और आवश्यकताओं को निःसंकोच प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका शीघ्र निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर शासन, प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम बन गया है, जहां सभी विभाग एक साथ मिलकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं।

विधायक सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य अब तेजी से धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। सरकार द्वारा किए गए बजटीय प्रावधानों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। सिकासेर-कोडार परियोजना का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे आने वाले समय में किसानों एवं ग्रामीणों को सिंचाई एवं अन्य सुविधाओं का व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव, किसान, मजदूर एवं आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन तहत आयोजित समाधान शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी भावना के साथ प्रशासनिक अमला पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। श्री चंद्राकर ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएं, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखें तथा सभी आवेदनों का निराकरण निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि जिले में समाधान शिविर के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री लंगेह ने शासन की मंशानुरूप सभी विभागों को प्राप्त आवेदनों का निराकरण गंभीरता, संवेदनशीलता एवं समय-सीमा में करने के निर्देश दिए।

शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

इस अवसर पर जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, महेन्द्र सिक्का, प्रशांत श्रीवास्तव, आनंद साहू, रमेश साहू, अरविन्द प्रहरे, राजू चंद्राकर, एसडीएम अक्षा गुप्ता, तहसीलदार जुगल किशोर पटेल, जनपद सीईओ बी.एस. मंडावी, सरंपचगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं 16 ग्रामों के नागरिकगण बड़ी संख्या में मौजूद थे।

साथ ही शिविर में मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ का वितरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजनों की समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्राप्त कर त्वरित कार्यवाही की गई।


अन्य सम्बंधित खबरें