महासमुंद : अछोला समाधान शिविर में 2 साल के नन्हे अरनव को मिली अपनी डिजिटल पहचान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। जहाँ एक ओर विकास की नई इबारत लिखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर आम जनता के लिए खुशियों का जरिया बन रहे हैं। इसी कड़ी में महासमुंद विकासखंड के ग्राम अछोला में आयोजित शिविर से एक बेहद सुखद तस्वीर सामने आई है।
अछोला निवासी देवव्रत गोलदार और उनकी पत्नी श्रीमती गायत्री गोलदार अपने 2 साल के मासूम बेटे अरनव के साथ पहुंचे थे। माता-पिता की इच्छा थी कि उनके लाडले की अपनी एक डिजिटल पहचान हो। उन्होंने समाधान शिविर में इसके लिए आवेदन किया और इसके तुरंत बाद ही पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की गई और नन्हे अरनव को उसकी नई डिजिटल पहचान मिल गई।
अपने बच्चे का पहचान पत्र इतनी सहजता और शीघ्रता से बनते देख माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भावुक और प्रसन्न मन से देवव्रत और गायत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि यह शिविर वास्तव में समाधान का सच्चा केंद्र साबित हो रहे हैं।