news-details

रायगढ़ में पेयजल संकट को लेकर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञाप

आम आदमी पार्टी ने शहर रायगढ़ में गहराते पेयजल संकट को लेकर सोमवार 11 मई 2026 को नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने पहुंचे वार्ड क्रमांक 47 के रहवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही के कारण शहरवासियों को शुद्ध और सुलभ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि विजयपुर सहित शहर के कई इलाकों में लोगों को पीने के लिए स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा है। लगातार गिरते जलस्तर और टूटी पाइपलाइनों के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है। कई वार्डों में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से कहीं पानी व्यर्थ बह रहा है तो कहीं लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। वार्ड क्रमांक 47 के विजयपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर पाइपलाइन टूटने की शिकायत की गई। वहीं कोरियादादर और गोवर्धनपुर बस्ती में पाइपलाइन बिछाए जाने के बावजूद आज तक नियमित जलापूर्ति नहीं होने का आरोप लगाया गया। जूट मिल क्षेत्र सहित अन्य कई वार्डों में भी पानी की आपूर्ति बाधित होने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पाइपलाइन सुधार कार्य कराने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।


अन्य सम्बंधित खबरें