news-details

महासमुंद : सामाजिक सुरक्षा, सुखद सहारा एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना के 53561 हितग्राहियों को पेंशन राशि का भुगतान

समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सुखद सहारा योजना, मुख्यमंत्री पेंशन योजना संचालित है।

उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने बताया कि जिले में वर्तमान स्थिति में राज्य द्वारा संचालित पेंशन योजना के तहत कुल 53 हजार 561 हितग्राहियों को राशि का भुगतान किया गया है। जिसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत 24 हजार 253 हितग्राहियों, सुखद सहारा योजना में 9 हजार 76 एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना अंतर्गत 20 हजार 232 हितग्राहियों को माह अप्रैल 2026 तक की पेंशन राशि का भुगतान किया जा चुका है।

उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि केन्द्रीय पेंशन योजनाओं में भारत सरकार द्वारा नवीन एस.एन.ए. स्पर्श प्रक्रिया को क्रियान्वित किए जाने के फलस्वरूप इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन व इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन का दिसंबर 2025 से तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना का माह अक्टूबर 2025 से पेंशन राशि के भुगतान में विलम्ब की स्थिति निर्मित हुई थी।

वर्तमान में केन्द्र संचालित योजना अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन में 32 हजार 52, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन में 9 हजार 469 एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन में 945 हितग्राहियों को माह अप्रैल 2026 तक की पेंशन राशि का भुगतान करने के लिए जिले से डाटा कम्प्यूट कर संचालनालय को प्रेषित किया गया है।


अन्य सम्बंधित खबरें