बरसात से पहले नाले के गहरीकरण की मांग, जलभराव से परेशान कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर को सौंपा आवेदन
बिलासपुरः बिलासपुर के गोकुलधाम क्षेत्र स्थित प्रथमेश विहार कॉलोनी घूरू के रहवासियों ने बरसात से पहले गोखने नाले के गहरीकरण और चौड़ीकरण की मांग को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान नाले की संकीर्ण स्थिति के कारण क्षेत्र में गंभीर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है।
रहवासियों के अनुसार नाले के किनारे उगे पेड़-पौधों और अन्य अवरोधों की वजह से पानी का बहाव बाधित हो जाता है। इससे बारिश का पानी कॉलोनी और घरों में घुस जाता है। कई घरों में तीन से चार फीट तक पानी भरने की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि जलभराव के कारण घरेलू सामानों को नुकसान पहुंचता है और लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो जाता है। वहीं बरसात के दौरान सांप, बिच्छू समेत अन्य जहरीले जीव-जंतु घरों में घुस आते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर डर बना रहता है। पिछले वर्षों में आई बाढ़ के दौरान हालात बेहद गंभीर हो गए थे। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए एसडीआरएफ टीम की मदद लेनी पड़ी थी।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए करीब 200 मीटर क्षेत्र में गोखने नाले का जल्द गहरीकरण और चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि भविष्य में जलभराव और बाढ़ जैसी समस्या से राहत मिल सके।