सुशासन तिहार में उमड़ी लोगों की भीड़, आवास और राशन कार्ड से जुड़े आवेदन सबसे ज्यादा
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेशभर में लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। एक मई से शुरू हुए इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। शिविरों में स्थानीय स्तर पर समाधान योग्य समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है, जबकि अन्य मामलों को शासन स्तर पर भेजा जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अब तक सबसे अधिक आवेदन आवास, राशन कार्ड और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्राप्त हुए हैं। सुशासन तिहार के जरिए लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मंगलवार को बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के चार वार्डों के लिए सरकंडा स्थित पंडित रामदुलारे शासकीय स्कूल में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की।
शिविर में महापौर पूजा विधानी भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान हितग्राहियों को राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की।