news-details

क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस अपडेट के नाम पर महिला से 1.94 लाख की साइबर ठगी, बैंक अधिकारी बनकर जालसाजों ने लगाया चूना

बिलासपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक महिला से करीब 1 लाख 94 हजार 685 रुपये की ठगी कर ली। मामला सकरी थाना क्षेत्र स्थित रामा लाइफ सिटी का है, जहां रहने वाली महिला को क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस अपडेट करने के नाम पर जालसाजों ने निशाना बनाया।

जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल को महिला के पास एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक के क्रेडिट विभाग का अधिकारी बताया। ठग ने महिला को क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस अपडेट करने की बात कही और बैंक संबंधी प्रक्रिया का हवाला देते हुए जानकारी मांगी। शुरुआत में महिला ने जानकारी देने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में जालसाजों ने फर्जी हेल्पलाइन नंबर और बैंकिंग प्रक्रिया का झांसा देकर उनका विश्वास जीत लिया।


इसके बाद महिला ने कॉल को बैंक का आधिकारिक कॉल समझकर ओटीपी और सीवीवी नंबर साझा कर दिए। जानकारी मिलते ही जालसाजों ने महिला के खाते से 1 लाख 94 हजार 685 रुपये ट्रांसफर कर लिए। ठगों ने पीड़िता को यह कहकर गुमराह किया कि कटे हुए पैसे 48 से 72 घंटे के भीतर वापस रिफंड हो जाएंगे। इसी बहाने महिला को करीब पांच दिनों तक भ्रम में रखा गया। जब महिला बैंक पहुंची, तब उसे ठगी का एहसास हुआ।

मामले की शिकायत के बाद सकरी पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या सीवीवी साझा न करें।



अन्य सम्बंधित खबरें