जन चौपाल में महिलाओं को किया गया जागरूक, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ मिलकर लड़ने का लिया संकल्प
जूटमिल थाना पुलिस द्वारा सोनूमुड़ा वार्ड क्रमांक 37 स्थित भक्तिन मुड़ा में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। खास तौर पर शिव शक्ति संगठन महिला समूह की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, कानून व्यवस्था और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान आरक्षक सतीश पाठक ने महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे शराब विरोधी अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूक महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और पुलिस प्रशासन हर कदम पर उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में वे थाना प्रभारी, बीट गार्ड, हेलो सिस्टर सेवा और थाना के संपर्क नंबरों पर तत्काल सूचना दे सकती हैं। पुलिस द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जन चौपाल में महिलाओं को महिला संबंधी अपराध, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड तथा सोना-चांदी चमकाने के नाम पर होने वाली ठगी जैसे मामलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जागरूकता, सतर्कता और समय पर सूचना देने से कई अपराधों को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को गंभीरता से सुना और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने कहा कि वे अपराध और नशे के खिलाफ अपने अभियान को आगे भी जारी रखेंगी और जरूरत पड़ने पर पुलिस प्रशासन का सहयोग लेंगी।