CG : विश्व नर्स दिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ कार्यक्रम, नर्सों ने बेहतर सेवा का लिया संकल्प
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विश्व नर्स दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नर्सिंग स्टाफ द्वारा केक काटकर की गई। इस दौरान अस्पताल परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ निभाने का संकल्प लिया। नर्सों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और देखभाल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने नर्सों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा और देखभाल में नर्सें अहम भूमिका निभाती हैं। इलाज के दौरान नर्सें न केवल मरीजों की शारीरिक देखभाल करती हैं, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी मजबूत बनाने का कार्य करती हैं।
कार्यक्रम में डॉ. महेंद्र सोनी सहित नर्सिंग स्टाफ की सदस्य गायत्री, कविता बनसोड़, शुक्रिता सोनी, सीमा केसरवानी, माधुरी, पुष्पा, संगीता और अनुराधा जागड़े मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर विश्व नर्स दिवस के महत्व पर चर्चा की और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।