महासमुंद में परीक्षा केंद्र की बड़ी लापरवाही, 5 कर्मचारी निलंबित
महासमुंद जिले के भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम स्कूल के परीक्षा केंद्र में बड़ी लापरवाही सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने परीक्षा केंद्र से जुड़े 5 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, हायर सेकेंडरी परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 में परीक्षार्थियों की जांच सही तरीके से नहीं की गई। इसका फायदा उठाकर एक छात्र इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस यानी डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा कक्ष में पहुंच गया। छात्र ने परीक्षा के दौरान वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामले की प्रारंभिक जांच में परीक्षा केंद्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की गई।
निलंबित कर्मचारियों में परीक्षा केंद्राध्यक्ष गंगा प्रसाद पटेल, सहायक केंद्राध्यक्ष अनिरुद्ध भोई, पर्यवेक्षक दिनेश कुमार दास, दुर्गाप्रसाद पटेल और श्रीमती विजय बुडेक शामिल हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही और आचरण नियमों का उल्लंघन माना है। सभी निलंबित कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महासमुंद निर्धारित किया गया है।
- 14-05-2026
राज्यपाल डेका ने अपने काफिले से कम किए वाहन
- 14-05-2026
वैदिक पञ्चाङ्ग एवम् राशिफल : 14 मई 2026