बिलासपुर में नकली मसाले पर बड़ी कार्रवाई, एवरेस्ट मीट मसाला के 9 बॉक्स सीज
बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित श्री मारुति गुड्स गैरेज में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नकली मसालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान संदिग्ध “एवरेस्ट मीट मसाला” के 9 बॉक्स जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई कंपनी के प्रतिनिधि की मौजूदगी में की गई। जांच के दौरान मसालों की पैकिंग और गुणवत्ता को लेकर संदेह जताया गया, जिसके बाद पूरे माल को सीज कर दिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जब्त मसाला किस व्यापारी का है और इसकी सप्लाई कहाँ की जानी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी कर संबंधित दस्तावेज मांगे हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मसाले के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। साथ ही कंपनी से भी विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट मांगी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मसाले असली हैं या नकली।
अधिकारियों का कहना है कि पूरे सप्लाई नेटवर्क और संभावित नकली कारोबार की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- 14-05-2026
राज्यपाल डेका ने अपने काफिले से कम किए वाहन
- 14-05-2026
वैदिक पञ्चाङ्ग एवम् राशिफल : 14 मई 2026