CG : केलो परियोजना के निरीक्षण पर पहुंचे केंद्रीय सचिव व्ही. एल. कांता राव, कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत संचालित स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव केलो परियोजना के निरीक्षण के लिए भारत सरकार के जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा पुनर्जीवन विभाग के सचिव व्ही. एल. कांता राव रायगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केलो डैम का निरीक्षण कर परियोजना से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, केलो परियोजना के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
केंद्रीय सचिव ने डैम परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मीडिया से चर्चा करते हुए व्ही. एल. कांता राव ने कहा कि देशभर की 100 प्रमुख परियोजनाओं में केलो परियोजना बेहतर कार्य करने वाली योजनाओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि परियोजना के विस्तार के लिए अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, जिसमें कुछ काम अभी बाकी हैं। इसी की प्रगति का जायजा लेने वे रायगढ़ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि चालू वर्ष के अंत तक अधिकांश कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जबकि शेष कार्य आगामी वर्षों में पूर्ण किए जाएंगे।
भूजल स्तर में लगातार गिरावट पर चिंता जताते हुए केंद्रीय सचिव ने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा भूजल दोहन भारत में होता है। इसे ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण और जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं महानदी जल विवाद पर उन्होंने कहा कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच चल रहे विवाद के समाधान के लिए ट्रिब्यूनल का गठन किया गया है, जो इस मामले में अंतिम निर्णय देगा।