Petrol Diesel Price Hike : देशभर में बढ़े पेट्रोल - डीजल के दाम, रायपुर में 103 के पार, पंपों पर उमड़ी भीड़
रायपुर। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बड़ा उछाल देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में तेजी और ईरान-अमेरिका तनाव के बीच तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। देश भर में पेट्रोल डीजल की कीमतों में हुई ₹3 प्रति लीटर बढ़ोतरी का असर छत्तीसगढ़ में साफ देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में आज से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे आम लोगों की जेब पर असर पड़ने की संभावना है। ईंधन के दाम बढ़ने के बाद परिवहन खर्च और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भी असर देखने को मिल सकता है। नए रेट लागू होने के बाद वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई है। राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹103.48 प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल के दाम में ₹3.11 प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रायपुर में पॉवर पेट्रोल अब ₹113.13 प्रति लीटर बिक रहा है।
पेट्रोल और डीजल के नए दाम आज शुक्रवार (15 मई 2026) से लागू हो गए हैं।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल के कारण उन्हें करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा, जिसके बाद कीमतों में बदलाव किया गया है।
पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें
बता दें कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक बढ़ी चिंता ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लग रहीं हैं। बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे, जिससे कई जगहों पर अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। लोगों का कहना है कि कई पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से बंद दिखाई दिए, जबकि कुछ जगहों पर स्टॉक खत्म होने की सूचना मिली। इसी वजह से लोग फुल टैंक कराने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे। रायपुर के आमानाका, पचपेड़ी और रिंग रोड समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।
स्थिति को देखते हुए रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि पिछले दो दिनों में अफवाहों के कारण लोग सामान्य से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं। जहां पहले लोग जरूरत के अनुसार 2 से 3 लीटर पेट्रोल भरवाते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग फुल टैंक करवा रहे हैं। इसी वजह से कुछ पंपों पर अस्थायी दबाव की स्थिति बनी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राज्य में ईंधन की कोई बड़ी कमी नहीं है और सप्लाई लगातार जारी है। कलेक्टर ने डिपो से 24 घंटे पेट्रोल-डीजल सप्लाई के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थिति जल्द सामान्य हो सके। खाद्य विभाग ने भी दावा किया है कि राज्य में हजारों किलोलीटर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से फ्यूल बचाने की अपील की थी. उन्होंने वर्क फ्रॉम करने और निजी वाहनों के कम इस्तेमाल पर जोर दिया था. तभी से ऐसे संकेत मिल रहे थे कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है.