पिथौरा : खाद्य मंत्री बघेल मुढ़ीपार समाधान शिविर में हुए शामिल
प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत आज जिले के पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं बसना विधायक संपत अग्रवाल मौजूद थे।
शिविर में खाद्य मंत्री बघेल एवं अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया गया। इस दौरान मंत्री बघेल ने विभागों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा लंबित मामलों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर में 18 ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक शिविर में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विभागों के स्टॉलों में अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि राज्य शासन आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा किसानों को समय पर खाद का उठाव करने की सलाह दी गई। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मंत्री बघेल ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर भी विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य सेवाओं की सतत निगरानी आवश्यक है। बच्चों को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ मिले, यह सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें तथा अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रशासन के समक्ष खुलकर रखें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अमला मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद श्रीमती चौधरी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने हेतु स्व-सहायता समूहों से जुड़ने तथा युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा है कि आम जनता की समस्याओं का निराकरण गांव स्तर पर ही हो तथा लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन रहा है। विधायक श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने किसानों, महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने कहा। इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला सीईओ हेमंत नंदनवार,जनपद अध्यक्ष श्रीमती ऊषा धृतलहरे, जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा, कंवलजीत सिंह छाबड़ा, जनपद उपाध्यक्ष ब्रम्हानंद पटेल, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, सीताराम सिन्हा, सरपंच सुमित्रा पटेल, सादर राम पटेल, अजय डड़सेना, अजय अग्रवाल उपस्थित रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को राजस्व, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, शिक्षा तथा सामाजिक कल्याण विभाग की योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। कई हितग्राहियों को मौके पर प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ वितरित किए गए।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, किसान, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में आमजन की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित 1600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। जिसका मौके पर निराकरण किया जा रहा है । इस अवसर पर सुपोषण कीट , अन्न प्रसन्न, गोद भराई , 04 दिव्यांगो को ट्राई सायकल , स्वामित्व पट्टा तथा हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
- 15-05-2026
तुमगाँव : बाइक की टक्कर से घायल युवक की मौत
- 15-05-2026
सीएम साय ने पेट्रोल-डीजल को लेकर कही यह बात
- 15-05-2026
अब टोल पर नहीं रुकेंगे वाहन, नया सिस्टम लागू