महासमुंद : मचान में सो रहे पिता-पुत्र पर गिरी आकाशीय बिजली, ... - CG Sandesh

महासमुंद : मचान में सो रहे पिता-पुत्र पर गिरी आकाशीय बिजली, युवक की मौत, खेत की कर रहे थे रखवाली

महासमुंद। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई है, वहीं एक की हालत गंभीर है, घटना तुमगांव थाना क्षेत्र में खेत की है, जहां खेत की रखवाली के दौरान मचान पर सो रहे पिता-पुत्र पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसमें बेटे की मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं कोमाखान क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मकान में आग लग गई, जिससे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।

पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहां धर्मसिंह गोंड (40) अपने पिता पुनीतराम गोंड (करीब 70) के साथ मूंगफली खेत की रखवाली के लिए परसा पेड़ पर बने मचान में सो रहे थे। गुरुवार देर रात तेज गरज-चमक के दौरान मचान पर बिजली गिर गई।

हादसे में धर्मसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रायपुर में शुक्रवार सुबह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जबकि धमतरी में धूलभरी आंधी चली। कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए और कुछ इलाकों में बिजली गुल रही।

मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

बिजली गिरने से मकान में लगी आग

वहीँ शुक्रवार सुबह कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में हुई। यहां प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान पर बिजली गिरने से भीषण आग लग गई। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई, जिससे घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और लाखों रुपए के वाहन सीट कवर सहित कई सामान जलकर राख हो गए।

हालांकि परिवार के सदस्य घर के दूसरे हिस्से में होने के कारण सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें