news-details

बसना : हार्वेस्टर की आड़ में बैठे सात लोगों पर गिरी आकाशीय बिजली, सात घायल

धान कटाई के दौरान हुई घटना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में सभी का उपचार जारी

छत्तीसगढ़ संदेश | सी. डी. बघेल। बसना

बसना से लगभग पांच किलोमीटर दूर ग्राम सिरको में शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे धान कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए हार्वेस्टर मशीन की आड़ लेकर बैठे सात लोगों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। तेज गर्जना के साथ हुई इस घटना में खेत मालिक, उसके परिजन, हार्वेस्टर चालक तथा खेत में धान सिलाने पहुंचे तीन बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिरको के खुर्सीपहार मार्ग स्थित तरिया खार के खेत में शुक्रवार सुबह धान कटाई का कार्य चल रहा था। खेत मालिक महेंद्र साहू अपने दो भतीजों एवं हार्वेस्टर ड्राइवर के साथ खेत में मौजूद था। वहीं खेत में धान सिलाने तीन बच्चे भी पहुंचे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए खेत में मौजूद सभी लोग हार्वेस्टर मशीन की आड़ में एक साथ बैठ गए । बताया जा रहा है कि तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे हार्वेस्टर के पास गिरी, जिसकी चपेट में वहां बैठे सभी सात लोग आ गए। बिजली गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और सभी लोग जमीन पर गिर पड़े। 

कुछ देर तक कोई भी संभल नहीं पाया। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी सहम गए। हादसे में घायल प्रेम सागर साहू को कुछ देर बाद होश आया। उसने किसी तरह मोबाइल फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी और तत्काल बोलेरो वाहन लेकर मौके पर पहुंचने को कहा। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान तरिया खार मार्ग से धान लेकर गुजर रहे ट्रैक्टर चालक एवं मजदूरों ने भी तत्काल मदद के लिए हाथ बढ़ाया। ग्रामीणों और मजदूरों की सहायता से दो अलग-अलग वाहनों में सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया। 

घायलों में खेत मालिक महेंद्र साहू (50 वर्ष), प्रेम सागर साहू पिता राजू साहू (40 वर्ष), उपेंद्र साहू पिता राजू साहू (28 वर्ष), हार्वेस्टर चालक (लगभग 50 वर्ष) सहित खेत में धान सिलाने पहुंचे बालक धीरज बरिहा पिता योगेश बरिहा (9 वर्ष), निखिल निषाद पिता राजकुमार निषाद (11 वर्ष) एवं एक अन्य बालक शामिल हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है तथा चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। घटना की खबर फैलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ लग गई। क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान खुले खेतों, पेड़ों एवं मशीनों के पास शरण नहीं लेने की अपील की है।


अन्य सम्बंधित खबरें