बसना : तेज गर्जना के बीच खेत में हुआ हादसा, साथ मौजूद दो बकरी चरवाहा बाल-बाल बचे
छत्तीसगढ़ संदेश । सी. डी. बघेल बसना।
बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी (सलडीह) में शुक्रवार 15 मई की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक गांव के दो अन्य ग्रामीणों के साथ तरिया खार क्षेत्र में बकरी चराने गया हुआ था। अचानक बदले मौसम के बीच तेज गर्जना के साथ गिरी गाज सीधे युवक पर आ गिरी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंडरीपानी (सलडीह) निवासी तीर्थराज पारेश्वर (22 वर्ष) पिता नंद कुमार पारेश्वर गुरुवार सुबह लगभग 7 बजे गांव के छत्तर पारेश्वर (52 वर्ष) और शीबो भोई (50 वर्ष) के साथ रोज की तरह बकरी चराने निकला था। तीनों गांव के तरिया खार क्षेत्र में पहुंचे हुए थे। सुबह करीब 8:30 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया। कुछ देर बाद हल्की बारिश भी होने लगी। इसी दौरान आसमान में तेज गर्जना हुई और अचानक आकाशीय बिजली तीर्थराज पारेश्वर के ऊपर गिर पड़ी।
गाज गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद दोनों ग्रामीण उससे कुछ दूरी पर थे, जिसके कारण वे आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बच गए। प्रत्यक्षदर्शि दोनों बुजुर्ग ने बताया कि तेज आवाज और खराब मौसम के कारण पहले उन्हें कुछ समझ नहीं आया। बाद में जब दोनों पास पहुंचे तो तीर्थराज अचेत अवस्था में पड़ा मिला। दोनों ने उसे उठाकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन कोई हरकत नहीं होने पर तत्काल गांव में सूचना भेजी गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में युवक को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तीर्थराज ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि तीर्थराज मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था तथा परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। उसकी असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर बसना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है। लगातार बदलते मौसम और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
अन्य सम्बंधित खबरें
ताजा ख़बरें