बसना : समाधान शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 629 आवेदन प... - CG Sandesh

बसना : समाधान शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 629 आवेदन प्राप्त, 30 का निराकरण, 599 लंबित

छत्तीसगढ़ संदेश । सी. डी. बघेल। बसना।  

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम गढ़फुलझर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में जनसमस्या निवारण समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और मांगों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में प्राप्त आवेदनों में मौके पर निराकरण योग्य प्रकरणों का तत्काल समाधान किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत बसना की अध्यक्ष डीलेश्वरी मिलाप सिंह निराला उपस्थित रहीं। वहीं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना हरिशंकर पैकरा, जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष सिंह ठाकुर सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं जनप्रतिनिधि मंचस्थ रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तर के सभी विभाग प्रमुखों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आम जनता को मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। 

अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। समाधान शिविर में कुल 629 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 आवेदनों का निराकरण किया गया, जबकि 599 आवेदन लंबित रहे। राजस्व विभाग में सर्वाधिक 192 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें किसी भी आवेदन का निराकरण नहीं हो सका तथा सभी 192 आवेदन लंबित रहे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 179 आवेदन प्राप्त हुए और सभी लंबित रहे। 

शिक्षा विभाग में 62 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 10 का निराकरण किया गया तथा 52 आवेदन लंबित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग में 45 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 17 का निराकरण कर 28 आवेदन लंबित रखे गए। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 25 आवेदन प्राप्त हुए और सभी लंबित रहे। चिकित्सा विभाग में 12, वन विभाग में 10, जल संसाधन विभाग में 13, विद्युत विभाग में 18 तथा पुलिस थाना से संबंधित 6 आवेदन प्राप्त हुए। 

विद्युत विभाग में 3 आवेदन का निराकरण किया गया जबकि 15 आवेदन लंबित रहे। मौके पर निराकरण योग्य मामलों का तत्काल निराकरण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। मुख्य अतिथि डीलेश्वरी मिलाप सिंह निराला ने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है तथा समाधान शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। 

एसडीएम हरिशंकर पैकरा ने अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए तथा कहा कि आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाना चाहिए। सीईओ पीयूष सिंह ठाकुर ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बसना अध्यक्ष डीलेश्वरी मिलाप निराला थे। इस अवसर पर जनपद पंचायत बसना के उपाध्यक्ष मोहित पटेल, जनपद सदस्य नरेश पटेल, ग्राम पंचायत गढ़फुलझर के सरपंच श्रीमती हरप्रीत हरजू कौर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना हरिशंकर पैकरा, जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष सिंह ठाकुर अन्य सरपंच गण मंचस्थ थे। कार्यक्रम में सभी विभाग के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी तादाद में आसपास के ग्रामीण जन उपस्थित थे।


अन्य सम्बंधित खबरें